एनटीएफ व पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 किलो गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
हेड कांस्टेबल रियाज अली की मेहनत लाई रंग, नशा तस्कर पुलिस की गिरफ्त से नहीं बच सके
हरिद्वार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनटीएफ टीम और कोतवाली शहर हरिद्वार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। भारी इंडस्ट्रियल एरिया चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार की सतर्क निगरानी में की गई कार्रवाई में आरोपी पुलिस की नजरों से बच नहीं सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित सैनी (27 वर्ष) पुत्र स्व. संजय सैनी, निवासी शांति विहार कॉलोनी, निकट लाल पुल, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार तथा रोहित सैनी (21 वर्ष) पुत्र स्व. रोहिताश सैनी, निवासी शांति विहार कॉलोनी, निकट लाल पुल, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक लखपत बुटोला, हेड कांस्टेबल रियाज अली, कांस्टेबल नितुल यादव तथा कांस्टेबल रणजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से हेड कांस्टेबल रियाज अली की सतर्कता, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई मेहनत के चलते पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद 10 किलो गांजा जब्त कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि हेड कांस्टेबल रियाज अली की सक्रियता और लगातार सफल कार्रवाइयों से नशा तस्करों में भय का माहौल बना है।




