सीएमओ ने आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का किया निरीक्षण, सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

मुज़फ्फरनगर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोपाड़ा, मंसूरपुर, नावला और जड़ौदा का दौरा कर वहां चल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, जांच व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य आम जनता को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम और परिवार नियोजन सेवाओं पर ध्यान देने को कहा। साथ ही, लाभार्थियों से संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता का फीडबैक भी लिया। सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य मेलों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और जन-जागरूकता अभियान को तेज किया जाए, ताकि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।



