laksar news

विधवा महिला के घर का रास्ता बंद करने का आरोप, विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी

विधवा महिला के घर का रास्ता बंद करने का आरोप, विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी

एसएसपी और जिलाधिकारी से पहले भी लगा चुकी है न्याय की गुहार, अब चौकी प्रभारी रायसी से लगाई सुरक्षा और न्याय की गुहार

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर उर्फ कंकरखाता में एक विधवा महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर उसके मकान के रास्ते में दीवार खड़ी कर रास्ता बंद करने, मकान की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने तथा विरोध करने पर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस चौकी रायसी में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और बंद किए जा रहे रास्ते को खुलवाने की मांग की है।

पीड़िता सुलेलता पत्नी स्वर्गीय धीर सिंह निवासी ग्राम रसूलपुर उर्फ कंकरखाता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह एक गरीब विधवा महिला है। उसके पति के जीवित रहते हुए हुए पारिवारिक बंटवारे के आधार पर उसे जो आवासीय भूमि मिली थी, उसी पर वह अपने बच्चों के सिर पर छत उपलब्ध कराने के लिए बड़ी मुश्किल से मकान का निर्माण करा रही है। आरोप है कि मकान निर्माण के दौरान भी विपक्षी पक्ष ने लगातार बाधाएं खड़ी की थीं। इसके चलते उसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी हरिद्वार तक गुहार लगानी पड़ी, जिसके बाद काफी मशक्कत से उसके मकान का लिंटर पड़ सका।

पीड़िता का आरोप है कि अब दलमीर पुत्र पलताम, सोनू, जोनी, अंकुश पुत्रगण दलमीर, दलमीर की पत्नी तथा आरती पत्नी सोनू निवासीगण रसूलपुर उर्फ कंकरखाता उसके मकान के रास्ते और उसके जेठ सितमपाल के घर जाने वाले रास्ते पर दीवार खड़ी कर रहे हैं। इससे उसके परिवार के आवागमन का रास्ता बंद होने की स्थिति पैदा हो गई है।

महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने और उसके परिजनों ने दीवार निर्माण का विरोध किया तो विपक्षीगण ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार आरोपी संख्या में अधिक हैं और उनके लगातार उत्पीड़न से वह तथा उसके बच्चे भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उसे आशंका है कि विपक्षी पक्ष रास्ता बंद कर उसकी आवासीय भूमि पर अवैध कब्जा करना चाहता है।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से भावुक अपील करते हुए कहा कि वह पहले ही पति को खो चुकी है और अब अपने बच्चों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए संघर्ष कर रही है। ऐसे में उसके घर का रास्ता बंद करना और धमकियां देना उसके परिवार के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है।

पीड़िता ने चौकी प्रभारी रायसी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर शिकायत दर्ज करने, आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, रास्ते में किए जा रहे दीवार निर्माण को रुकवाने, आवागमन का रास्ता खुलवाने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन एक विधवा महिला की इस शिकायत पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *