वक्फ संशोधन बिल को लेकर मुस्लिम समाज ने जताई नाराज़गी, 9 से 9:15 बजे तक पूरे क्षेत्र में बंद रही बत्तियां
हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में वक्फ संशोधन बिल को लेकर देशभर में मुस्लिम समाज की नाराज़गी थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में लक्सर तहसील के देहात क्षेत्रों में उलमाओं की अपील पर मंगलवार, 30 अप्रैल को मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से विरोध जताया। सुबह 9:00 बजे से 9:15 बजे तक लोगों ने अपने-अपने घरों की बत्तियां बंद कर सरकार के प्रति नाराज़गी जाहिर की।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा नजर आया। लोगों ने शांति से बैठे रहकर इस तथाकथित “काले कानून” के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रधान टाइम्स, लक्सर को मिली जानकारी के अनुसार लगभग 95% घरों में बिजली की बत्तियां बंद रही। विशेष तौर पर खरंजा कुतुबपुर गांव में सभी घरों की लाइटें बुझा दी गईं और लोग 20 मिनट तक अंधेरे में बैठे रहे।
उलमाओं की अपील पर अमल करते हुए ग्रामीणों ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए वक्फ संशोधन बिल को मुस्लिम समाज के खिलाफ बताया और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। विरोध स्वरूप फैले अंधेरे ने पूरे क्षेत्र में सन्नाटा ला दिया और माहौल गंभीर बन गया।
मुस्लिम समाज का कहना है कि यह बिल उनके धार्मिक अधिकारों पर सीधा हमला है, और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। शहर से लेकर गांव तक इस प्रकार के विरोध प्रदर्शन के ज़रिए लोग सरकार तक अपनी आवाज़ पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं।




