Uncategorized

खानपुर की जनता ही मेरा परिवार, अंतिम सांस तक यहीं करूंगा राजनीति : उमेश कुमार

खानपुर की जनता ही मेरा परिवार, अंतिम सांस तक यहीं करूंगा राजनीति : उमेश कुमार
लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेश कुमार ने अपने कैंप कार्यालय पर आयोजित सर्व समाज की विशाल बैठक में क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका जीवन अब पूरी तरह खानपुर की जनता को समर्पित है और वह अंतिम सांस तक इसी क्षेत्र में रहकर राजनीति करेंगे।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे करीब 400 से 500 गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया। इस दौरान विधायक उमेश कुमार ने अपने चार वर्ष से अधिक के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग और हर गांव के लोगों के कार्य किए हैं।


उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में उन्होंने खानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की नई इबारत लिखी है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अपने पूरे कार्यकाल में न तो किसी विकास कार्य में कमीशन लिया और न ही परिवारवाद को बढ़ावा दिया।


विधायक ने कहा कि उन्होंने कभी अपने रिश्तेदारों या सगे-संबंधियों को ठेकेदारी का लाभ नहीं दिलाया। जनता के विश्वास और सहयोग के बल पर पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ क्षेत्र की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहना ही उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य रहा है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को अभूतपूर्व बताया। वक्ताओं ने कहा कि खानपुर विधानसभा में सड़क, पुल, शिक्षा और जनसुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिला है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक उमेश कुमार ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा भविष्य में भी विकास और जनसेवा का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। बैठक के दौरान कैंप कार्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने विधायक के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *