विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी आधुनिक खेती की जानकारी
मुजफ्फरनगर
खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत जनपद के विकास खंड बघरा और बुढाना की छह ग्राम पंचायतों—ढिंढावली, बुढाना खुर्द, नसीरपुर, पीपलहेड़ा, कुरालसी और परासौली में किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, बघरा के वैज्ञानिकों की संयुक्त टीम ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य एवं फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा ने पशुपालन के महत्व, पशुओं में होने वाली थनैला बीमारी तथा टीकाकरण की जानकारी दी। वहीं कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी रविन्द्र कुमार ने मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक प्रयोग, बीज शोधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, हरी खाद, जल एवं मृदा प्रबंधन तथा फसल बीमा और फार्मर रजिस्ट्री की विस्तृत जानकारी दी। किसानों को जैविक अनाज उत्पादन के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।




