राजकमल कॉलेज में अग्नि सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत अग्निशमन विभाग द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव, आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक बनाना रहा।कार्यक्रम में अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह अपनी टीम—प्रदीप सिंह राणा, दीपाली बर्मन और पारुल पंवार के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने आग लगने के कारणों, उससे बचाव के तरीकों और आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले जरूरी कदमों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों की समझ मिली।छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान किया। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने अग्निशमन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना अनिवार्य है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।इस मौके पर महाविद्यालय की सचिव श्रीमती राजेश देवी, प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान सहित डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, इशिका पंडित, विनीत कुमार, प्रिया सैनी, नैंसी चौहान, अरबाब राव, सिया पाल, रवि कुमार, विशाखा सिंह, फिज़ा राव, राजदेव रावत समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



