खानपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला भीषण हादसा • कंपनी और चालकों पर लापरवाही का आरोप • केस दर्ज, जांच शुरू होली के उत्सव के बीच लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर बुधवार दोपहर एक पल में मौत मंडराने लगी थी। तुगलपुर स्थित नरोला सीएनजी प्लांट से लदे दो भारी ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर बिखर गए और एक सीएनजी सिलेंडर से तेजी से गैस रिसाव शुरू हो गया।ज्वलनशील गैस हवा में फैलते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे इलाके को आग के गोले में बदल सकती थी – सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ जाती। लेकिन खानपुर पुलिस प्रभारी निरीक्षक दिग्पाल कोहली वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंसूर अली की मुस्तैदी और सूझबूझ ने उस घड़ी को मौत के मुंह से खींचकर वापस ला दिया। सूचना मिलते ही थाना खानपुर की टीम चंद मिनटों में मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता भांपते ही तुरंत फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को बुलाया गया। लगभग 200 मीटर तक दोनों तरफ से यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। पुलिस और फायरकर्मियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद लीक हो रहे सिलेंडर को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। घायल ट्रक चालकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे सुचारु किया गया।पुलिस के अनुसार, दोनों ट्रकों में अग्निशमन यंत्र तक नहीं थे। नरोला कंपनी (तुगलपुर) पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने ज्वलनशील सीएनजी गैस का परिवहन बिना सुरक्षा मानकों के कराया। वाहन चालकों की लापरवाही और उतावलेपन से भी हादसा हुआ। यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो ब्राह्मणवाला पुलिया के पास यह इलाका विस्फोट का मंजर बन सकता था।एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर होली के दौरान अलर्ट मोड में तैनात पुलिस की इस कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है। थाना खानपुर में कंपनी प्रबंधन और चालकों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस का संदेश:सुरक्षा मानकों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है। ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि सड़क सुरक्षा और गैस परिवहन के नियम कितने अहम हैं – एक छोटी लापरवाही बड़ी त्रासदी बन सकती है।




