सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश
मुजफ्फरनगर
तहसील सदर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनसमस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए भी कहा गया। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध और साइबर ठगी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की अपील की। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




