लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत चार अक्टूबर को सपा निकालेगी मार्च
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर उठाए सवाल= मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी की ओर से दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पार्टी ने विभिन्न कार्यक्रमों की घोषणा की है। शनिवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने कार्यक्रमों की जानकारी दी।
जिला अध्यक्ष जय चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर लोकतंत्र बचाओ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विधानसभा स्तर पर बैठक आयोजित की जा चुकी है। प्रेसवार्ता के बाद चार अक्टूबर को पार्टी कार्यालय से कचहरी गेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। वहां कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग है। उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनकी वैधानिक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। सरकार यह भी बताए कि ऐसे लोगों को भविष्य में मतदान का अधिकार किस आधार पर मिलेगा और क्या वे सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
ज़िया चौधरी ने बताया कि चार अक्टूबर को सुबह 11 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय से मार्च शुरू होगा, जो कचहरी गेट तक पहुंचेगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ता अपनी बात रखेंगे और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फुकनें की बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम करेगी और पार्टी कार्यकर्ता अपना कार्यक्रम करेंगे।
इस दौरान चरथावल विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक पंकज मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा देश की जनता, विकास और लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता के मुद्दों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।




