संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय युवती ने लगाई फांसी, गांव में मचा कोहराम

लक्सर क्षेत्र के भिकमपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 19 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार भिकमपुर गांव निवासी जोगेंद्र की 19 वर्षीय पुत्री अंजली ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोलकर देखा गया तो अंजली फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भिकमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद भिकमपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने युवती की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




