Uncategorized

धर्मनगरी को स्वच्छ एवं क्लीन बनाने के लिए जिलाधिकारी का निरीक्षण, सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर करने के दिए कड़े निर्देश

धर्मनगरी को स्वच्छ एवं क्लीन बनाने के लिए जिलाधिकारी का निरीक्षण, सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर करने के दिए कड़े निर्देश

धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं क्लीन सिटी बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित आज प्रातः स्वयं धरातल पर उतरकर रोडवेज बस अड्डे पहुंचे और साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिवहन निगम के एजीएम को निर्देश दिए कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का मुख्य प्रवेश द्वार है, जहाँ लाखों श्रद्धालु हर वर्ष गंगा स्नान व दर्शन हेतु आते हैं। ऐसे में यात्रियों को स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ रखने के स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु धर्मनगरी से अच्छा अनुभव लेकर अपने गंतव्य को प्रस्थान करें।

बस अड्डे की सफाई व्यवस्था देख रही फर्म एस.के. इंटरप्राइजेज के कर्मचारियों को भी जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सफाई में ज़रा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बस अड्डे, शौचालयों और परिसर को सुबह, शाम और रात्रि के समय भी साफ रखने के आदेश दिए गए।

निरीक्षण में पाया गया कि बस अड्डे पर यात्रियों की जानकारी हेतु लगाए गए कई इलेक्ट्रॉनिक साइन बोर्ड खराब अवस्था में हैं। जिलाधिकारी ने इन्हें तत्काल ठीक कर संचालन में लाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को विभिन्न रूटों की बसों की सही जानकारी उपलब्ध हो सके। साथ ही वाटर कूलर की स्थिति भी संतोषजनक न पाई गई, जिसके सुधार के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बस अड्डे के सौंदर्यीकरण हेतु रंग-रोगन कराने और परिसर में लगे सभी पोस्टर-बैनर को तुरंत हटाने के आदेश भी दिए।
सुलभ शौचालय में सफाई अव्यवस्थित एवं रेट लिस्ट न लगे होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई तथा तुरंत व्यवस्था सुधारने को कहा।

सड़क किनारे और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को लेकर भी जिलाधिकारी ने नगर निगम और पुलिस को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, रोडवेज एजीएम नरेंद्र गौतम, एसएनए नगर निगम ऋषभ उनियाल, स्टेशन इंचार्ज विनोद तथा देवपुरा चौकी इंचार्ज आशीष नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *