गाँव में लगातार चोरियों से किसान परेशान, महिलाओं में बढ़ा डर – ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा शिकायती पत्र
हरिद्वार।
ग्राम पंचायत आदर्श टिहरी नगर और हिद्दी डोह नगर क्षेत्र में बीते कई दिनों से चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। किसानों ने बताया कि ट्यूबवेल से कीमती सामान चोरी हो रहा है और खेत-खलिहानों से घास काटने जाने वाली महिलाओं व बेटियों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने इस संबंध में थाना पथरी पुलिस को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही और रात में गश्त कम होने की वजह से क्षेत्र में कई सालों से चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, आए दिन अज्ञात चोर ट्यूबवेल से पानी की मोटर और सामान चोरी कर ले जाते हैं। वहीं गाँव व आसपास के क्षेत्रों में दिन-रात घूमने वाले संदिग्ध फेरी वाले और नशेड़ी महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।
शिकायत पत्र में माँग की गई है कि गाँव में रात में गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जाए। साथ ही, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाए।
जानकारी के अनुसार चोरी की घटना 10 सितंबर 2025 की रात को हुई। जिन किसानों के ट्यूबवेल पर चोरी हुई है उनमें शूरबीर सिंह रावत (प्लाट संख्या 388), राजपाल सिंह (प्लाट संख्या 390), भीम रावत (प्लाट संख्या 383) और जसपाल (प्लाट संख्या 417) शामिल हैं। सभी किसान टिहरी डोब नगर, थाना पथरी, जिला हरिद्वार के निवासी हैं।




