हरिद्वार थाना पथरी क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक हत्या का खुलासा — पत्नी व प्रेमी गिरफ्तार
हरिद्वार,कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना पथरी क्षेत्र में हुए ई-रिक्शा चालक की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात से पर्दा उठाया है।
दिनांक 14 जुलाई 2025 को थाना पथरी अंतर्गत आम के एक बाग में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान प्रदीप (48 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी अंबुवाला के रूप में हुई। मामले में मृतक के भतीजे मांगेराम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था (मु0अ0सं0 416/25 धारा 103(1) BNS)।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी रीना (36 वर्ष), जिसकी प्रदीप से दूसरी शादी थी, का गांव के ही सलेक नामक व्यक्ति से अवैध संबंध था। जांच के दौरान CDR खंगालने और मुखबिरों से मिली जानकारी से यह पुष्टि हुई कि घटना के दिन से ही सलेक फरार था और उसका मोबाइल स्विच ऑफ था।
कड़ी पूछताछ में पत्नी रीना ने प्रेमी सलेक के साथ मिलकर अपने पति प्रदीप की गला घोंटकर हत्या कराने की बात स्वीकार की। सलेक को लक्सर स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा (साफा) भी बरामद किया गया।
बच्चों का भविष्य अधर में
रीना की पहली शादी से तीन लड़कियां हैं और प्रदीप से दो बच्चे। अब इन पांचों बच्चों का भविष्य अनिश्चितता के घेरे में है, क्योंकि उनके माता-पिता दोनों ही जेल में हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त:
सलेक, पुत्र ईलम चंद, निवासी ग्राम अंबुवाला, थाना पथरी, उम्र 45 वर्ष
रीना, पत्नी स्व. प्रदीप कुमार, निवासी ग्राम अंबुवाला, थाना पथरी, उम्र 36 वर्ष
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
मनोज नौटियाल (थानाध्यक्ष पथरी)
व0उ0नि0 यशवीर सिंह नेगी
उ0नि0 अशोक सिरसवाल
उ0नि0 रोहित कुमार
कानि0 सुशील कुमार
कानि0 मुकेश चौहान (789)
कानि0 अजीत तोमर (1179)
कानि0 नारायण राणा (1574)
कानि0 अनिल सिंह (1533)
कानि0 वसीम, सीआईयू शाखा हरिद्वार
हरिद्वार पुलिस की तत्परता और सूझबूझ ने एक गंभीर अपराध को सुलझा लिया, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।



