विश्व युवक केन्द्र, नई दिल्ली में उत्तरायणी हिमालयन बिजनेस महाकुंभ का भव्य आयोजन, प्रो. मोहन चन्द्र बलोदी गेस्ट ऑफ ऑनर से सम्मानित
विश्व युवक केन्द्र, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में उत्तरायणी हिमालयन बिजनेस महाकुंभ 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस महाकुंभ में हिमालयी संस्कृति, उद्यमिता, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े देशभर के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा, जिसमें उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार के वरिष्ठ आचार्य प्रोफेसर मोहन चन्द्र बलोदी को गेस्ट ऑफ ऑनर के सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान माननीय पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री भगत सिंह कोश्यारी जी के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। प्रो. बलोदी को यह सम्मान शिक्षा एवं ज्योतिष के क्षेत्र में उनके विशेष कार्यों की उपलब्धि तथा सामाजिक सरोकारों में उनके निरंतर योगदान हेतु प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के इस गौरवशाली क्षण पर प्रो. बलोदी को आयोजकों द्वारा अंगवस्त्र ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख डॉ. हरीश रौतेला जी का विशेष उद्बोधन हुआ। अपने उद्बोधन में डॉ. रौतेला ने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रो. मोहन चन्द्र बलोदी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रो. बलोदी ने संस्कृत शिक्षा को रोजगार से जोड़ने और भारतीय ज्ञान परम्परा के रूप में ज्योतिष को वैज्ञानिक व व्यावहारिक रूप में स्थापित करने का सराहनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर प्रो. बलोदी को उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में संचालित रोजगारोन्मुखी व्यावसायिक पाठ्यक्रम में छात्रों के लिए विशेष व्याख्यान देने का अवसर भी प्राप्त हुआ। अपने व्याख्यान में उन्होंने विद्यार्थियों को ज्योतिष और कर्मकांड को आधुनिक करियर के अवसर के रूप में अपनाने तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
यह सम्मान न केवल प्रो. बलोदी के लिए, बल्कि सम्पूर्ण उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय और संस्कृत-ज्योतिष जगत के लिए गर्व का विषय है।




