Uncategorized

मनरेगा की सड़क पर उठे सवाल, दूसरी ग्राम पंचायत में खर्च कर दिए 49.20 लाख!मुण्डाखेड़ा कलां के नाम स्वीकृत सड़क खड़ंजा कुतुबपुर में बनाए जाने का आरोप, ग्रामीण ने डीएम से जांच की मांग की

मनरेगा की सड़क पर उठे सवाल, दूसरी ग्राम पंचायत में खर्च कर दिए 49.20 लाख!
मुण्डाखेड़ा कलां के नाम स्वीकृत सड़क खड़ंजा कुतुबपुर में बनाए जाने का आरोप, ग्रामीण ने डीएम से जांच की मांग की

लक्सर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत स्वीकृत “मेरा गांव मेरी सड़क” योजना को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम पंचायत मुण्डाखेड़ा कलां के नाम स्वीकृत सड़क का निर्माण कथित तौर पर दूसरी ग्राम पंचायत खड़ंजा कुतुबपुर में कराए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता अविनाश कुमार ने जिलाधिकारी हरिद्वार को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।


शिकायती पत्र के अनुसार “मेरा गांव मेरी सड़क” योजना की आईडी 3503005037/R 2008112389 के तहत मुण्डाखेड़ा कलां ग्राम पंचायत के लिए सड़क निर्माण स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा उक्त कार्य को नियमों के विपरीत ग्राम पंचायत खड़ंजा कुतुबपुर में करा दिया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस कार्य पर करीब 49.20 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है।
“जिस पंचायत के नाम योजना, सड़क दूसरी पंचायत में कैसे?”
शिकायतकर्ता अविनाश कुमार निवासी ग्राम पंचायत मुण्डाखेड़ा कलां ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि योजना मुण्डाखेड़ा कलां ग्राम पंचायत के लिए स्वीकृत थी तो उसका निर्माण दूसरी ग्राम पंचायत में किस आधार पर कराया गया, इसकी जांच आवश्यक है।
शिकायत में योजना की स्वीकृति, कार्यस्थल, तकनीकी स्वीकृति, माप पुस्तिका, भुगतान और संबंधित अभिलेखों की जांच किए जाने की मांग उठाई गई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब निगाहें प्रशासन की जांच पर:
मनरेगा जैसी ग्रामीण विकास योजना में सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर सामने आई इस शिकायत ने पंचायत स्तर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच में 49.20 लाख रुपये के कथित खर्च की वास्तविकता क्या सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *