भैंस खरीदने आए व्यक्ति से एक लाख की लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तारमहिला की साजिश से रची गई वारदात, 80 हजार रुपये नकद व तमंचा-कारतूस बरामद
उप निरीक्षक दीपक चौधरी और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश की सक्रिय भूमिका से लक्सर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
लक्सर ( फरमान खान ) कोतवाली लक्सर पुलिस ने भैंस खरीदने आए व्यक्ति से एक लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज घटना का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में शामिल महिला आरोपी को पुलिस जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 80 हजार रुपये नकद, एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंदी निवासी इमरान 14 जुलाई को भैंस खरीदने के लिए एक लाख रुपये लेकर लक्सर आया था। पीड़ित की परिचित महिला ने उसके पास नकदी होने की सूचना अपने साथियों को दे दी। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर उससे एक लाख रुपये लूट लिए। इस संबंध में 20 जुलाई को कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पहले महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद लगातार दबिश और सघन सुरागरसी के आधार पर फरार चल रहे चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपक चौधरी ने तकनीकी विवेचना, सटीक सूचना संकलन और दबिश की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश ने लगातार सुरागरसी, टीम समन्वय और आरोपियों की तलाश में अहम योगदान देकर सफलता दिलाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, हेड कांस्टेबल अरविंद रावत, हेड कांस्टेबल आशीष पांडे तथा होमगार्ड दिनेश कुमार शामिल रहे। लक्सर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल चर्चित लूटकांड का सफल खुलासा हुआ, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्यशैली का भी स्पष्ट संदेश गया है।




