लक्सर की रेल समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेता मनोज वर्मा ने सांसद इमरान मसूद को सौंपा ज्ञापन

लक्सर की रेल समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेता मनोज वर्मा ने सांसद इमरान मसूद को सौंपा ज्ञापन
लक्सर। व्यापार मंडल लक्सर तहसील के अध्यक्ष एवं कांग्रेस के जिला महामंत्री मनोज वर्मा ने सहारनपुर सांसद Imran Masood को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लक्सर एवं सहारनपुर-मुरादाबाद रेलखंड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई।
मनोज वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद कोरोना महामारी का हवाला देकर इस रेलखंड की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को बंद कर दिया गया या उनके मार्ग बदल दिए गए, जिससे दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर-मुरादाबाद रेलखंड पर हजारों लोगों की आजीविका ट्रेनों पर निर्भर थी, लेकिन रेल सुविधाएं कम होने से कई लोग बेरोजगार होने पर मजबूर हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि अंग्रेजी शासनकाल से संचालित और काकोरी कांड की गवाह रही लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन को भी बंद कर दिया गया, जिससे आम यात्रियों को बड़ी असुविधा हुई है। साथ ही लक्सर जंक्शन पर रेल बाईपास बनने के बाद कई ट्रेनों को बाईपास मार्ग से संचालित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मनोज वर्मा ने आरोप लगाया कि इस संबंध में रेल मंत्री, पूर्व सांसद और वर्तमान सांसद को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लक्सर में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कांग्रेस शासनकाल में हुआ था, जबकि रेल अंडरपास का कार्य शुरू होने के बावजूद आज तक पूरा नहीं हो सका।
ज्ञापन में मांग की गई कि लक्सर क्षेत्र की रेल सुविधाओं को बहाल किया जाए, बंद ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू किया जाए तथा लंबे समय से लंबित रेल अंडरपास का निर्माण जल्द कराया जाए। उन्होंने कहा कि अंडरपास न होने के कारण हजारों लोग प्रतिदिन रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं, जिससे कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
मनोज वर्मा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मामले का संज्ञान लेकर रेल मंत्रालय के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है।




