पतंजलि विश्वविद्यालय ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय थांग-टा प्रतियोगिता में 17 पदक प्राप्त किए**इंफाल/हरिद्वार, 17 अप्रैल 2026:* उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए पतंजलि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय थांग-टा प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। यह प्रतियोगिता मणिपुर विश्वविद्यालय, इंफाल में 6 से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित हुई। विश्वविद्यालय के दल ने कुल 17 पदक प्राप्त किए, जिनमें 2 स्वर्ण, 1 रजत तथा 14 कांस्य पदक शामिल हैं। यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय के श्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक मानी जा रही है। प्रतियोगिता में देशभर के अनेक विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया । पतंजलि विश्वविद्यालय के प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों की सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय में प्रतिभा और मार्गदर्शन की कोई कमी नहीं है। टीम ने 11 विभिन्न भार वर्गों में पदक प्राप्त कर अपनी प्रतियोगी क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक रिया गौर और कीर्ति, जो बीपीईएस द्वितीय वर्ष की छात्राएं हैं, ने 64 किलोग्राम से कम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्राप्त किए। रजत पदक मानसी” बीपीईएस द्वितीय वर्ष) ने 76 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त 14 कांस्य पदक पूजा, सोनिया, नैना, अभिषेक, भावना, अतुल, गौरी, सलोनी, माही, पलक, प्रिंस, योगिंदर, कार्तिकेय और हृषभ सहित अन्य विद्यार्थियों ने जीतकर टीम की सुदृढ़ता और निरंतरता को प्रदर्शित किया। इस उपलब्धि का एक प्रमुख पक्ष यह रहा कि बीपीईएस के विद्यार्थियों ने कुल 17 में से 16 पदक प्राप्त किए।




