हरिद्वार: करन माहरा के जन्मदिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया गंगा दुग्धाभिषेक, दी दीर्घायु की शुभकामनाएं
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार द्वारा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मायापुर स्थित अमरापुर घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने करन माहरा के तीन वर्षीय कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उन्होंने संगठन में युवाओं को जोड़ने और संगठन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसका परिणाम हाल ही में मंगलौर और बद्रीनाथ उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के रूप में देखने को मिला।
पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने करन माहरा के नेतृत्व में हरिद्वार से केदारनाथ तक की गई ऐतिहासिक पदयात्रा को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने विश्वास जताया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस करन माहरा के नेतृत्व में राज्य में जोरदार वापसी करेगी और भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष अरुण राघव, हिमांशु राजपूत, शिवा लोधी, पार्षद प्रतिनिधि ऋषभ वशिष्ठ, यूथ कांग्रेस महासचिव शुभम जोशी, जासिद अंसारी, करन सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




