वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने आज रिजर्व पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत क्वार्टर गार्ड से हुई, जहाँ गार्ड को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद शस्त्रागार का निरीक्षण किया गया, जिसमें हथियारों के रखरखाव, आदान-प्रदान रजिस्टर और सीसीटीवी कैमरों की जाँच की गई। हथियारों को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया। भोजनालय के निरीक्षण में साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। भंडार-गृह की जाँच के साथ, पुलिसकर्मियों को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के निर्देश दिए गए। बैरकों में रहने वाले पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई और त्वरित समाधान के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया। बैरकों व आसपास साफ-सफाई रखने पर जोर दिया गया। मोटर परिवहन शाखा में वाहनों के रखरखाव, साफ-सफाई और रजिस्टरों की जाँच की गई। यातायात पुलिस लाइन और सब्सिडियरी कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ दैनिक जरूरत के सामान और स्टॉक रजिस्टर चेक किए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए। अंत में, संजय कुमार ने पुलिस लाइन में नियुक्त कर्मचारियों की रात्रि गणना ली और उन्हें पूर्ण वर्दी में सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत व पारिवारिक समस्याओं पर चर्चा की गई और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (अपराध) प्रशान्त कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन राजू कुमार साव, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। यह निरीक्षण पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।




