Uncategorized

भैंस खरीद के बहाने रची गई एक लाख की लूट का खुलासा, महिला मास्टरमाइंड गिरफ्तार

भैंस खरीद के बहाने रची गई एक लाख की लूट का खुलासा, महिला मास्टरमाइंड गिरफ्तार

उप निरीक्षक दीपक चौधरी और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश की सतर्क विवेचना व लगातार पीछा करने से खुली साजिश की परतें लक्सर हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए पूरे षड्यंत्र की कथित मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूट की रकम में से ₹10 हजार बरामद किए गए हैं, जबकि फरार अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिऱचंदीं निवासी इमरान की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर लगातार सुरागरसी कर घटना की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया।जांच के दौरान उप निरीक्षक दीपक चौधरी और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश ने अहम भूमिका निभाई। दोनों पुलिसकर्मियों ने तकनीकी इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं का बारीकी से विश्लेषण करते हुए संदिग्धों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लगातार की गई पतारसी और सटीक सूचना संकलन के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि पूरी वारदात के पीछे एक महिला की भूमिका है।इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई को महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि इमरान के पास एक लाख रुपये होने की जानकारी मिलने पर उसने अपने साथी को व्हाट्सऐप कॉल कर लूट की योजना बनाई थी। उसके साथियों ने नियामतपुर के पास इमरान से एक लाख रुपये लूट लिए और महिला को भी ₹20 हजार हिस्सा दिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ₹10 हजार बरामद कर लिए हैं।कोतवाली लक्सर पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उप निरीक्षक दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, कांस्टेबल अजीत तोमर तथा महिला होमगार्ड किरण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *