महाराजपुर खुर्द के गौतम चौहान बने राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षक, विधायक शहजाद ने किया सम्मानित

लक्सर विधानसभा क्षेत्र के गांव महाराजपुर खुर्द निवासी गौतम चौहान के राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षक पद पर चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने उन्हें अपने कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक मोहम्मद शहजाद ने कहा कि गौतम चौहान की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। आज के युवा यदि पूरी निष्ठा से तैयारी करें तो सरकारी सेवाओं में स्थान प्राप्त कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
विधायक ने विश्वास जताया कि गौतम चौहान अपनी नई जिम्मेदारी का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा विभाग में उत्कृष्ट कार्य कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
गौतम चौहान के चयन पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता से महाराजपुर खुर्द सहित पूरे लक्सर विधानसभा क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।




