सात घंटे की बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल, पतंजलि-लक्सर मार्ग जलमग्न, आवागमन ठप।
बहादराबाद। गुरुवार को करीब सात घंटे तक हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। पतंजलि से दिनारपुर, सुभाषगढ़, ऐथल होते हुए लक्सर जाने वाला मुख्य मार्ग घुटनों तक पानी में डूब गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क पर जलभराव के कारण मार्ग दो हिस्सों में बंटा नजर आया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश से जहां कई दिनों से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली, वहीं जलभराव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार वर्षा के चलते गांव की मुख्य सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। कई स्थानों पर तीन से चार फीट तक पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। कई वाहन बीच सड़क में बंद हो गए, जबकि कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े।
ग्रामीणों ने पंपिंग सेट के जरिए पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक भी जलभराव की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो सका। पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को फिसलन भरे रास्तों से जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ा।
शाम होते-होते हालात और बिगड़ गए। कई मोहल्लों की गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गईं और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बारिश रुकने के कई घंटे बाद भी सड़कों पर पानी जमा रहा, जिससे जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही और यातायात प्रभावित रहा।




