सिलिंडर पाने के लिए बारिश के बीच 9 घंटे सड़क पर इंतजार करते रहे उपभोक्ता
lपिथौरागढ़। गैस संकट से लोग किस तरह परेशान हैं इसका उदाहरण बृहस्पतिवार को बुंगाछीना-देवलथल क्षेत्र में फिर देखने को मिला। गैस वाहन क्षेत्र में पहुंचा तो लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, लेकिन दो इलाकों के उपभोक्ताओं के बीच मामला फंसने से करीब 9 घंटे से अधिक समय तक लोग खाली सिलिंडर लेकर सड़क पर इंतजार करते रहे। हंगामा होने पर प्रशासन और पुलिस ने हस्तेक्षप किया तब जाकर गैस वितरण हो सका। बृहस्पतिवार को कनालीछीना गैस एजेंसी से करीब 230 सिलिंडर लेकर ट्रक देवलथल के उसैल-रामकोट क्षेत्र के पास पहुंचा। सुबह करीब 8 बजे घटिगाड़ नामक स्थान पर चालक ने सिलिंडरों से भरा वाहन सड़क किनारे लगाया और एजेंसी से वितरण कर्मियों के पहुंचने का इंतजार करने लगा। इस बीच सूचना मिलने पर क्षेत्रवासी खाली सिलिंडर कंधों और दोपहिया-चौपहिया वाहनों के जरिये लेकर मौके पर जमा होने लगे। पूर्वान्ह करीब 11 बजे तक गैस वाहन के पास 70-80 उपभोक्ता सिलिंडर बंटने का इंतजार करने लगे। वितरण कर्मियों का इंतजार करते-करते दोपहर बीतने लगी। इस बीच हुई तेज बारिश में भीगने से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई, परंतु वितरण कर्मी मौके पर नहीं आए। इससे हंगामा बढ़ा तो दो राजस्व उप निरीक्षक और थल थाने से जवान मौके पर पहुंच। इस दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने राजस्व उपनिरीक्षक पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया। मामला शांत न होने पर एसडीएम डीडीहाट ने मौके पर खाद्य निरीक्षक को भेजा और मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से फोन पर बात की। इसके बाद करीब 70 सिलिंडर मौके पर रखवाने के बाद गैस वाहन उसैल और रामकोट क्षेत्र में गैस वितरण के लिए चला गया। शाम साढ़े पांच बजे मौके पर सिलिंडर के लिए इंतजार कर रहे उपभोक्ता विजय कुमार, सौरव चौहान, शंकर भट्ट आदि ने बताया कि पहले उसैल-रामकोट क्षेत्र में वितरण के बाद एजेंसी कर्मियों के वहां आने की बात कही गई है। एसडीएम डीडीहाट खुशबू पांडे ने कहाकि मौके पर गए अधिकारियों को नियमानुसार गैस वितरण के निर्देश दिए गए।




