ब्यूटी प्रोडक्ट कंपनी के नाम पर 120 करोड़ की ठगी, पुरकाजी पुलिस ने 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जब्त किया 4 करोड़ का माल
मुजफ्फरनगर
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना पुरकाजी पुलिस ने एक बड़े धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। ये आरोपी सेनेमी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्जी कंपनी के जरिए आमजन से निवेश का लालच देकर करीब 120 करोड़ रुपये की ठगी कर चुके थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 4 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य के ब्यूटी प्रोडक्ट्स, एक नेक्सॉन कार, फर्नीचर और ऑफिस सामान जब्त किया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। एसएसपी नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर और थानाध्यक्ष पुरकाजी जयवीर सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने मुखबिर की सूचना पर धमात नहर पुल के पास अभियुक्तों को धर दबोचा। पांच अक्टूबर को पीड़ित निवेशकों ने थाना पुरकाजी में तहरीर देकर बताया कि मुख्य आरोपी अमित कुमार गौतम ने अपनी पत्नी वंदना के साथ मिलकर 16 महीनों में पैसों को ढाई गुना करने का झांसा देकर लोगों से निवेश कराया। एग्रीमेंट साइन कराकर विश्वास जीतने के साथ ही अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच दिया गया। शादाब और सरफराज जैसे साथियों की मदद से 120 करोड़ से अधिक की रकम इकट्ठा कर ली गई। आरोपियों ने निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए कुछ राशि लौटाई, लेकिन देनदारी बढ़ने पर सभी ऑफिस, मार्ट और ज्वालापुर (हरिद्वार) स्थित वेयरहाउस बंद कर फरार हो गए। ठगी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की। आज अभियुक्तों की निशानदेही पर वेयरहाउस, सरफराज के घर से बरामदगी की गई और सामान को सील कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित कुमार गौतम पुत्र धीरज सिंह, ग्राम खेड़की थाना पुरकाजी, डॉ. शादाब पुत्र उस्मान, मोहल्ला झोझगां कस्बा पुरकाजी और सरफराज पुत्र यामीन, मोहल्ला झोझगां कस्बा पुरकाजी शामिल हैं। सभी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें मु0अ0सं0-180/2025, 181/2025 (धारा 351(3), 352, 316(2), 318(4) बीएनएस थाना पुरकाजी) और मु0अ0सं0-245/2025 (धारा 318(4) बीएनएस थाना सिविल लाइन) शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक नेक्सॉन कार, फर्नीचर, ऑफिस सामान और सेनेमी ब्रांड के ब्यूटी प्रोडक्ट्स (अनुमानित मूल्य 4 करोड़ 13 लाख रुपये) जब्त किए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जयवीर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल 871 अरुण कुमार, कांस्टेबल 2068 राहुल कुमार, 1400 राहुल गिरी और 1854 सचिन कुन्तल शामिल रहे। थाना पुरकाजी पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि आमजन निवेश से पहले सतर्क रहें और किसी भी योजना में धन लगाने से पूर्व उसकी जांच अवश्य कर लें। यह कार्रवाई निवेशकों को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




