Uncategorized

जिलाधिकारी ने किया जल जीवन मिशन योजनाओं का निरीक्षण, टैंकों की लिकेज पर जताई नाराज़गी l

जिलाधिकारी ने किया जल जीवन मिशन योजनाओं का निरीक्षण, टैंकों की लिकेज पर जताई नाराज़गी l

बहादराबाद 6 सितम्बर ( महिपाल )
जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की वास्तविक स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को ग्राम पंचायत रावली मेहदूद और जमालपुर कलां का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और पानी की सप्लाई की स्थिति की जानकारी ली।
रावली मेहदूद में बनाए गए पेयजल टैंक से पानी का रिसाव देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल टैंक की मरम्मत कराने के निर्देश दिए और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर मरम्मत कार्य की समय-सीमा तय की। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि ग्रामीणों को पहले से सूचित कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए, ताकि पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।
ग्रामीणों द्वारा दिए जाने वाले अंशदान को लेकर भी बैठक की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा निर्धारित अंशदान की जानकारी प्रत्येक परिवार तक स्पष्ट रूप से पहुँचाई जाए, ताकि किसी प्रकार की गलतफहमी न रहे। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सुबह और शाम समय पर पानी की सप्लाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जमालपुर कलां में निरिक्षण किया जहाँ पेयजल टैंक से लिकेज पाया गया। जिलाधिकारी ने इसे भी तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पंप हाउस परिसर में एक ठेकेदार का ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य सामग्री रखी मिली। जिलाधिकारी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता को ठेकेदार से सर्कल रेट के अनुसार किराया वसूलने और लापरवाही की स्थिति में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता जल निगम राजेश गुप्ता ने बताया कि रावली मेहदूद पेयजल योजना 12 करोड़ की लागत से बनी है, जिससे 4,900 घरों को कनेक्शन दिया गया है। टैंक की क्षमता 1,950 किलोलीटर है। वहीं, जमालपुर कलां योजना पर 10 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं और इसमें 1,400 किलोलीटर क्षमता का टैंक है, जिससे 5,500 घरों को पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता एम. मुस्तफा, सहायक अभियंता भूपेंद्र सिंह, अवर अभियंता वर्षा सिंह व सीमा बिष्ट सहित ग्रामीण और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *