एम एम एजुकेशन एकेडमी में हुआ प्रयोगात्मक परीक्षा का आयोजन
एक वक्त भूखें रहें लेकिन हर हाल में करें शिक्षा प्राप्त : पुष्पांकर पाल
मुज़फ्फरनगर
नई मंडी क्षेत्र के ग्राम कूकड़ा में जोली रोड़ स्थित हुसैनाबाद इलाके के एम एम एजुकेशन अकादमी में वार्षिक प्रयोगात्मक एवं रचनात्मक मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रोग्राम में बसपा सहारनपुर मंडल के मुख्य सैक्टर प्रभारी पुष्पांकर पाल (भिक्की) मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे तथा सी०ए० एस० एफ० की ओर से प्रदीप कुमार, नौमान आलम व सर्व समाज सर्व समाज शिक्षा नीति ट्रस्ट के पदाधिकारी डॉक्टर हसन विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। प्रोग्राम का सफल संचालन एकेडमी के डायरेक्टर डॉ एम मोहसिन ने किया। प्रोग्राम में छात्र छात्राओं ने सौर मंडल तथा ऊर्जा, वायुमण्डल, जल संसाधन एवं संरक्षण, प्रकाश संश्लेषण के साथ साथ मानव शरीर के आधार पर मॉडल बनाकर जानकारी दी। छात्र छात्राओं के द्वारा बनाये गए प्रोजेक्ट्स एवं उनकी प्रस्तुति ने अथितियों को खूब लुभाया। अपने संबोधन में बसपा नेता पुष्पांकर पाल ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की साक्षरता दर बढ़ाने के लिए सर्वसमाज को एकजुट होकर शिक्षा के लिए कार्य करना होगा। मैं छात्रों के परिजनों से विनती करता हूँ कि चाहे एक समय का खाना खाओ एक समय भूखा रहो लेकिन अपने बच्चों को शिक्षा अवश्य दिलवाओ। सीएएसएफ से प्रदीप कुमार ने कहा कि शिक्षा हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। बिना शिक्षा के हमारा जीवन अंधकार में जाना तय है। प्रोग्राम में कल्लू ग्राम प्रधान कूकड़ा व लियाक़त अली ने भी अपने विचार रखे। छात्र छात्राओं द्वारा बनाये गए मॉडलों में मुस्कान व तस्मिया का मॉडल प्रथम स्थान पर रहा। इसके अलावा रिज़ा, फ़िज़ा, अफ़नान, मिस्बाह उल हक, खुशयान, मौहम्मद ज़ैद, ज़ियान, सैफ आदि छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग में हिस्सा लिया। प्रोग्राम में छात्र छात्राओं के अभिभावक एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अंत में विद्यालय के संस्थापक डॉ एम मोहसिन ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार प्रकट करते हुए प्रोग्राम का समापन किया।




