नवाब अज़मत अली खान गर्ल्स डिग्री कॉलेज में छात्राओं को स्वच्छता का संदेश, पौधारोपण भी किया
मुजफ्फरनगर
नवाब अज़मत अली खान गर्ल्स डिग्री कॉलेज में छात्राओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर रहीं। उन्होंने कॉलेज परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. मुरली भास्कर ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता बेहद जरूरी है। उन्होंने किशोरियों एवं युवा छात्राओं को संतुलित खान-पान, मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं सावधानियों तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहकर ही छात्राएं शिक्षा और जीवन के अन्य क्षेत्रों में बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकती हैं। जिला महिला चिकित्सालय की हेल्प डेस्क मैनेजर सबा रानी ने भी छात्राओं को दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदतें अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने की जानकारी दी। कार्यक्रम में ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसाइटी के कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कॉलेज स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।




