Uncategorized

श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज और सी-डैक दिल्ली के बीच एमओयू

श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज और सी-डैक दिल्ली के बीच एमओयू

तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और उन्नत कंप्यूटिंग के क्षेत्र में सहयोग को मिलेगा नया आयाम

मुजफ्फरनगर
श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, मुजफ्फरनगर और सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), दिल्ली के बीच शैक्षणिक एवं तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ। एमओयू के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में नए अवसर विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में सी-डैक दिल्ली के वैज्ञानिक एवं केंद्र प्रमुख जितेंद्र सिंह ने संस्थागत सहयोग और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयासों के महत्व पर विचार रखे। वरिष्ठ सलाहकार अरविंद कुमार ने इस सहयोग को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए उपयोगी अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। सी-डैक दिल्ली के वैज्ञानिक एवं ग्रुप हेड, एडवांस्ड कंप्यूटिंग ट्रेनिंग स्कूल अपूर्व कोहली ने उन्नत कंप्यूटिंग एवं तकनीकी शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। इस अवसर पर सी-डैक के वरिष्ठ परियोजना अभियंता डॉ. शोएब अली तथा फैकल्टी एवं कोर्स काउंसलर डॉ. रिचा चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं संस्थान के साथ तकनीकी और शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार रखे। संस्थान के चेयरमैन डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ ने कहा कि तकनीकी बदलाव के वर्तमान दौर में उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए विद्यार्थियों को बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सी-डैक जैसी तकनीकी संस्था के साथ सहयोग से विद्यार्थियों को उन्नत कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक तकनीकी प्रणालियों, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगोन्मुखी कौशल से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ ऐसे ज्ञान और कौशल उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को विकसित कर सकें। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) अश्वनी कुमार वशिष्ठ ने कहा कि एमओयू से संस्थान के शैक्षणिक वातावरण को तकनीक-केंद्रित बनाने में सहायता मिलेगी। सी-डैक के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग से विद्यार्थियों को आधुनिक कंप्यूटिंग एवं उभरती तकनीकों के क्षेत्र में अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करने के अवसर मिलेंगे। एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग, तकनीकी ज्ञान का आदान-प्रदान, विद्यार्थियों का कौशल विकास, उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण, संयुक्त औद्योगिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा अकादमिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं उभरती तकनीकों से जुड़ने तथा अपने कौशल को उद्योग और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के अवसर मिलने की बात कही गई। कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल, वाइस प्रिंसिपल डॉ. सौरभ मित्तल, डीन डॉ. विनीत शर्मा, रजिस्ट्रार डॉ. अंकुर कुमार, डीन डॉ. सुचित्रा त्यागी, डीन कंप्यूटर एप्लीकेशंस निशांत राठी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों, समन्वयकों, विद्यार्थी स्वयंसेवकों एवं आयोजन समिति का योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *