Uncategorized

नशे के सौदागर पर लक्सर पुलिस का शिकंजा, बदायूं से वांछित केमिस्ट गिरफ्तार

नशे के सौदागर पर लक्सर पुलिस का शिकंजा, बदायूं से वांछित केमिस्ट गिरफ्तार

गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था लगातार ठिकाने, उत्तराखंड और यूपी में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने का आरोप

लक्सर। नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो एनडीपीएस मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक लक्सर प्रवीण सिंह कोश्यारी ने पुलिस टीम गठित कर वांछित आरोपी की तलाश के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने एक सितंबर 2026 को बदायूं के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी धर्मेन्द्र पुत्र जगदीश उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम दियोरीजीत थाना बिनावर जनपद बदायूं उत्तर प्रदेश का नाम वर्ष 2025 में लक्सर कोतवाली में दर्ज एनडीपीएस के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आया था। आरोप है कि धर्मेन्द्र अपने सहअभियुक्तों के साथ मिलकर अवैध अफीम उपलब्ध कराता था, जिसे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए पहुंचाया जाता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार स्थान बदल रहा था। पुलिस टीम ने उसकी तलाश करते हुए बदायूं पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल अरविंद रावत तथा कांस्टेबल धजवीर चौहान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *