लक्सर में अवैध मावा फैक्ट्रियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, दो इकाइयों पर छापा, सील की कार्रवाई शुरू
जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को लक्सर क्षेत्र के खरंजा कुतुबपुर में अवैध रूप से संचालित मावा निर्माण इकाइयों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग, लक्सर तहसील प्रशासन और थाना लक्सर की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
जांच के दौरान कुरबान पुत्र छब्बर और इलियास पुत्र असरफ द्वारा बिना वैध फूड लाइसेंस के मावा निर्माण और दूध विक्रय का कार्य किया जाता मिला। आवश्यक दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर दोनों इकाइयों को अग्रिम आदेश तक बंद करने के नोटिस जारी कर दिए गए हैं तथा उन्हें सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान मावा निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध के तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिना वैध लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध न कराने के मामले में दोनों संचालकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटी और अवैध खाद्य कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




