फेडरेशन ऑफ इंडिया, हरिद्वार के जिला अध्यक्ष निर्विरोध बने योगेश कुमार शर्मा, पत्रकारों की एकजुटता का दिखा दम।मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की हरिद्वार इकाई की एक महत्वपूर्ण पत्रकार बैठक मंगलवार को होटल स्कॉगा, पुराने रानीपुर मोड़ पर आयोजित की गई। बैठक में जनपद के बड़ी संख्या में पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा संगठन की सदस्यता ग्रहण कर मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़ने का संकल्प लिया। बैठक का उद्देश्य पत्रकारों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श करना और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना रहा।बैठक के दौरान पत्रकार सुरक्षा, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता, उत्पीड़न के मामलों में संगठनात्मक सहयोग, फर्जी मुकदमों से संरक्षण तथा पत्रकार हितों की रक्षा जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सुझाव दिए कि किस प्रकार संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाया जा सकता है, ताकि पत्रकारों की आवाज प्रशासन और समाज के सामने मजबूती से रखी जा सके।सभी पत्रकार साथियों ने एकमत होकर यह संकल्प लिया कि संगठन के माध्यम से एकजुटता बनाए रखते हुए अन्याय, दबाव और शोषण के खिलाफ सामूहिक संघर्ष किया जाएगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें आपसी सहयोग, पारदर्शिता और संगठनात्मक अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया।इसी अवसर पर सर्वसम्मति से योगेश कुमार शर्मा को मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया, हरिद्वार का जिला अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। इस आशय की घोषणा बैठक के संचालक डॉ. अर्जुन नागयान ने की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के चयन पर उपस्थित पत्रकारों ने तालियों के साथ स्वागत करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।अध्यक्ष चुने जाने के बाद योगेश कुमार शर्मा ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन हर परिस्थिति में पत्रकारों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत, संगठित और सक्रिय मंच तैयार किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को मजबूती देने के लिए निरंतर सहयोग की अपील भी की।बैठक में बहादराबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष सनत शर्मा ने अपनी पूरी टीम के साथ मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया को समर्थन देने की घोषणा की, जिसका संगठन की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अनिल सती तथा प्रदेश महामंत्री एम.एम. पांडे ने वीडियो कॉल के माध्यम से नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर लीगल एडवाइजर रेणु उपाध्याय, डॉ. रागनी गुप्ता, विवेक शर्मा, हितेश चौहान, हितेश कथूरिया, अश्वनी वर्मा, देवेश वर्मा, शाहिद, गुलफाम अली सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक ने पत्रकार एकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।




