लक्सर रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन
लक्सर।
व्यापार मंडल लक्सर तहसील अध्यक्ष मनोज वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां उन्होंने डीआरएम मुरादाबाद के नाम स्टेशन अधीक्षक के.एस. मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से रेलवे स्टेशन से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं से अवगत कराया गया।
मनोज वर्मा ने बताया कि कोरोना काल के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले एकमात्र रास्ते के बीच में रेलवे द्वारा जो लाइन बिछाई गई थी, वह आज तक नहीं हटाई गई है। इसके अलावा अब रेलवे ने स्टेशन पर आने-जाने का एकमात्र रास्ता भी बंद कर दिया है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने स्टेशन अधीक्षक को यह भी बताया कि रेल अंडरपास न होने के कारण आम जनता को काफी दिक्कतें हो रही हैं। साथ ही बाईपास पर सुबह-शाम चलने वाली ट्रेनों में चढ़ने-उतरने वाले यात्रियों के लिए एक हाल्ट बनाए जाने की मांग की गई, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
इस पर स्टेशन अधीक्षक के.एस. मीणा ने बताया कि परसों रेलवे के जीजीएम निरीक्षण पर आ रहे हैं, जिनके समक्ष यह सभी समस्याएं रखी जा सकती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह स्वयं भी इस संबंध में रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजेंगे और समस्याओं के समाधान के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में आशीष अग्रवाल, मोनू कश्यप, अजय वर्मा, शिवकुमार शर्मा, टोनी सोनी, लवली, पवन, टिल्लू, मुन्ना सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।




