यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस अलर्ट, शामली स्टैंड पर चला विशेष वाहन चेकिंग अभियान
मुजफ्फरनगर
एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर थाना नगर कोतवाली पुलिस यातायात नियमों को लेकर पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में शामली स्टैंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवपाल सिंह ने अपनी टीम के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कई वाहन चालकों के चालान काटे गए। साथ ही यात्रियों और चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। चौकी प्रभारी देवपाल सिंह ने बताया कि लोग यातायात नियमों के प्रति अभी भी पूरी तरह जागरूक नहीं हैं। जागरूकता की कमी के कारण सड़क दुर्घटनाओं के मामले बढ़ रहे हैं। यदि आमजन ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो न केवल सड़क हादसों से बचा जा सकता है, बल्कि चालान की कार्रवाई से भी मुक्ति मिल सकती है। उन्होंने आगे कहा, “आज हमारी टीम ने विशेष अभियान चलाकर वाहनों की व्यापक चेकिंग की। कई चालान काटे गए और वाहन चालकों को ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।” देवपाल सिंह ने आश्वासन दिया कि इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बनी रहे और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। गौरतलब है कि उपनिरीक्षक देवपाल सिंह अपनी बेहतरीन कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वे आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने का कार्य करते हैं, जिस वजह से वे स्थानीय लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। यह अभियान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। पुलिस प्रशासन ऐसे प्रयासों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।




