स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत लक्सर में स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार।
जनपद वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लक्सर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ लक्सर विधायक मौ. शहजाद ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शहजाद ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि शिविरों में महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और सामान्य रोगियों के लिए निशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इन शिविरों का लाभ लें और अधिक से अधिक लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि लक्सर में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 1025 लोगों का पंजीकरण और उपचार किया गया। इनमें 345 लोग शुगर रोग, 345 लोग उच्च रक्तचाप (बीपी), 70 लोग क्षय रोग (टीबी) से संबंधित पाए गए। इसके अलावा 200 दिव्यांग लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 50 को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही 10 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सैयद रफी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, ब्लॉक प्रबंधक आशीष शर्मा, नलिंद असंवाल, डॉ. दुष्यंत चौधरी, शुभम सैनी, देवेंद्र रावत, हिमांशु सिंघल, आंचल, पूनम, सीमा, राघवेंद्र प्रताप, रेनु चौहान, मंजीता, सोहनलाल, कोमल, सुधीर, पंकज आदि चिकित्सा और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
शिविर में मौजूद चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने रोगियों को आवश्यक परामर्श देने के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी फैलाई। लोगों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनसे जनपद वासियों को उनके निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। आने वाले दिनों में अन्य ब्लॉकों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।




