Uncategorized

16 साल से अटकी यूनानी मेडिकल कॉलेज की उम्मीद, यूसुफ ने सीएम से मांगा लक्सर में नया कॉलेज

16 साल से अटकी यूनानी मेडिकल कॉलेज की उम्मीद, यूसुफ ने सीएम से मांगा लक्सर में नया कॉलेज

पिरान कलियर में 2009 में स्वीकृत कॉलेज का निर्माण शुरू कराने और लक्सर में दूसरा राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग

लक्सर राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज पिरान कलियर के निर्माण में हो रही देरी को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के संयोजक समिति सदस्य एवं लक्सर विधानसभा-34 के पूर्व प्रत्याशी मोहम्मद यूसुफ ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने उप जिलाधिकारी लक्सर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर वर्ष 2009 से लंबित पिरान कलियर के स्वीकृत कॉलेज का निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की है। साथ ही लक्सर विधानसभा क्षेत्र में एक अन्य राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि लक्सर क्षेत्र किसान, मजदूर और गरीब परिवारों की बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन निजी मेडिकल कॉलेजों की भारी फीस के कारण उनके सपने अधूरे रह जाते हैं। ऐसे में सरकारी मेडिकल कॉलेज गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए बड़ी उम्मीद बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज की मांग वर्ष 2009 से उठती रही है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय मुख्यमंत्री रहे हरीश रावत ने पिरान कलियर में राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति दी थी और बजट भी जारी किया गया था। इसके बावजूद वर्षों बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
यूसुफ ने कहा कि यदि स्वीकृत कॉलेज समय पर बन गया होता तो आज क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा बीयूएमएस की शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर बन चुके होते और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही होती।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पिरान कलियर में पहले से स्वीकृत राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज की सभी बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। इसके साथ ही लक्सर जैसे पिछड़े और किसान बाहुल्य क्षेत्र में दूसरा राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाए। यूसुफ ने कहा कि लक्सर क्षेत्र के करीब 90 से 120 गांवों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ता है। क्षेत्र में सरकारी स्तर पर उच्च चिकित्सा शिक्षा का संस्थान स्थापित होने से गरीब परिवारों के बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी और बेटियों को भी डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक कॉलेज खोलने की मांग नहीं है, बल्कि लक्सर के लाखों किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों के बच्चों के भविष्य का सवाल है। सरकार को इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *