धूमसिंह मेमोरियल स्कूल में विश्व मानक दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने मानकों की महत्ता बताई।

धूमसिंह मेमोरियल स्कूल, सितापुर (ज्वालापुर) में विश्व मानक दिवस 2025 के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और समुदाय को मानकों के महत्व से अवगत कराना, सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उपभोक्ताओं की गुणवत्ता व मानक संबंधी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन BIS देहरादून के निदेशक सौरभ तिवारी के मार्गदर्शन में, मानक संवर्द्धन अधिकारी सरिता त्रिपाठी तथा स्कूल के निदेशक ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर स्टैंडर्ड्स क्लब से जुड़े छात्र-छात्राओं ने मानकों की महत्ता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। BIS द्वारा मानकों और ISI चिन्हित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। वहीं छात्रों ने विज्ञान एवं नवाचार आधारित मॉडलों की प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की, जिसे सभी ने सराहा।
कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया।




