हरियाणा भवन में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की बैठक संपन्न, मोहम्मद शमशाद मीर बने ‘हिंदुस्तानी पसमांदा मंच’ के राष्ट्रीय संयोजक
नई दिल्ली, 21 जुलाई 2025।
हरियाणा भवन में आयोजित मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए ‘हिंदुस्तानी पसमांदा मंच’ के गठन की घोषणा की गई। यह मंच पसमांदा मुस्लिम समाज के सामाजिक, शैक्षणिक व आर्थिक उत्थान को समर्पित रहेगा।
बैठक की अध्यक्षता मंच के मार्गदर्शक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक डॉ. इंद्रेश कुमार ने की। उन्होंने संगठनात्मक दिशा-निर्देशों के साथ-साथ पसमांदा समाज के सशक्तिकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया।
हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के पहले राष्ट्रीय संयोजक के रूप में श्री मोहम्मद शमशाद मीर को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। उनके नेतृत्व में मंच पसमांदा समाज की आवाज़ को राष्ट्रीय पटल पर मजबूती से रखने का कार्य करेगा।
डॉ. इंद्रेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह मंच पसमांदा मुस्लिम समाज की गरिमा, पहचान और अधिकारों की लड़ाई को संगठित और सशक्त स्वर प्रदान करेगा। इस कदम से समाज में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
मंच के गठन को लेकर देशभर के पसमांदा समुदाय में उत्साह का माहौल है और इसे एक सकारात्मक सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




