Uncategorized

डेवलपमेंट कंसोर्टियम द्वारा राजकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का शुभारंभ


डेवलपमेंट कंसोर्टियम द्वारा राजकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का शुभारंभ

शिक्षा को डिजिटल और ज्ञान-संपन्न बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए, डेवलपमेंट कंसोर्टियम द्वारा, अवंतोर परफॉर्मेंस मटेरियल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (Avantor Performance Materials India private Limited) के सहयोग से, सरकारी प्राथमिक विद्यालय जमालपुर कलां और जगजीतपुर में स्मार्ट क्लास और आधुनिक पुस्तकालय की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद बृजपाल सिंह राठौर द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई। इस अवसर पर डेवलपमेंट कंसोर्टियम से वसीम अहमद, अतुल आज़ाद, गरिमा पांडे और विद्यालयों से अजय शर्मा, योगेश चौहान, अतुल , कुमुद गुप्ता, गोपाल चौहान, आशा रानी ,चित्रा शर्मा, मोनिका शर्मा, अमिता लोधी, इंदिरा कैनतुरा,अंजू आर्य सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
विद्यालयों में लगाए गए इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले (IFPD) में कक्षा 1 से 12 तक की उत्तराखंड बोर्ड आधारित डिजिटल सामग्री — वीडियो, ऑडियो, नोट्स, अभ्यास सेट, गतिविधियाँ और सिमुलेशन — हिंदी व अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। यह तकनीक छात्रों को अधिक प्रभावी, रुचिकर और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करेगी।
साथ ही, दोनों विद्यालयों को 500 से अधिक पुस्तकों वाला पुस्तकालय भी प्रदान किया गया है, जिसमें छात्रों की उम्र और समझ के अनुसार चुनी गई कहानियाँ, विज्ञान, सामान्य ज्ञान, आत्म-विकास व चित्रयुक्त पुस्तकें शामिल हैं।
इस मौके पर दोनों विद्यालयों के शिक्षकों ने डेवलपमेंट कंसोर्टियम और अवंतोर परफॉर्मेंस मटेरियल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा:
“हम अपने छात्रों के लिए इन अत्याधुनिक सुविधाओं से बेहद उत्साहित हैं। डिजिटल क्लास और पुस्तकालय से बच्चों की सीखने की रुचि और समझ दोनों में निश्चित रूप से सुधार आएगा। हम डेवलपमेंट कंसोर्टियम और अवंतोर के अत्यंत आभारी हैं, जिन्होंने हमारे स्कूलों को यह शानदार अवसर दिया।”
खंड शिक्षा अधिकारी श्री राठौर ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “यह प्रयास सरकारी विद्यालयों को आधुनिक बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।”
डेवलपमेंट कंसोर्टियम और अवंतोर परफॉर्मेंस मटेरियल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (Avantor Performance Materials India private Limited) की यह साझेदारी ग्रामीण शिक्षा को डिजिटल संसाधनों और ज्ञान से जोड़ने का एक अनुकरणीय उदाहरण बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *