Uncategorized

हरिद्वार लक्सर में महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद गरमाया, सैनी समाज ने हटाया विधायक उमेश कुमार के नाम का शिलापट

हरिद्वार लक्सर में महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद गरमाया, सैनी समाज ने हटाया विधायक उमेश कुमार के नाम का शिलापट

मौके पर हुई तीखी नोकझोंक, हटाया गया पत्थर लेकर कोतवाली पहुंचे सैंकड़ो सैनी समाज के लोग पदाधिकारी; जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र

लक्सर में महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। प्रतिमा स्थापना स्थल पर खानपुर विधायक उमेश कुमार के नाम का शिलापट हटाए जाने के बाद मामला गरमा गया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद हटाए गए शिलापट को लेकर सैनी समाज के सैंकड़ो लोग व पदाधिकारी लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।

सैनी समाज के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने कोतवाली पहुंचकर इस घटनाक्रम को राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए आरोप लगाया कि महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना के कार्य में राजनीति की जा रही है। उनका कहना है कि सैनी समाज अपने खर्चे पर महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापित करा रहा है। ऐसे में समाज के इस कार्य को राजनीतिक विवाद में खींचना उचित नहीं है।

समाज के कार्य में राजनीति करने का आरोप

बाबूराम सैनी ने विधायक उमेश कुमार पर सैनी समाज के बीच राजनीतिक हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य समाज के आराध्य महाराजा भागीरथ के प्रति सम्मान व्यक्त करना है, न कि किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति का प्रचार करना। शिलापट हटाए जाने को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने इस मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया है।

अब आगे क्या होगा?

महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पूरे मामले में विधायक उमेश कुमार का पक्ष सामने आना बाकी है। उनका पक्ष और पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रतिमा स्थापना जैसे सामाजिक और ऐतिहासिक महत्व के कार्य को लेकर उपजे इस विवाद के बीच अब सबकी निगाहें प्रशासन की भूमिका और संबंधित पक्षों के अगले कदम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *