रिपोर्ट महिपाल शर्मा
SSP नवनीत सिंह की पहल लाई रंग, हरिद्वार यातायात पुलिस को मिले 3 आधुनिक सहायता बूथ

जनसहयोग से यातायात व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, पंतद्वीप, आनंद वन समाधि और प्रेमनगर आश्रम चौक पर होंगे स्थापित
हरिद्वार। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। एसएसपी नवनीत सिंह की पहल पर जयपुर के मानसरोवर स्थित आवास फाउंडेशन ने यातायात पुलिस को तीन सहायता बूथ उपलब्ध कराए हैं। इन बूथों के माध्यम से ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक सुविधाजनक तरीके से कर सकेंगे।

राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रमुख स्थानों पर स्थापित किए जाने वाले इन सहायता बूथों में पंतद्वीप पार्किंग, आनंद वन समाधि और प्रेमनगर आश्रम चौक को शामिल किया गया है। इन स्थानों पर यातायात का दबाव रहने के कारण पुलिसकर्मियों को लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ती है। ऐसे में सहायता बूथ उनके लिए सुविधाजनक कार्यस्थल के रूप में उपयोगी साबित होंगे।
एसी, वाटर कूलर समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
आवास फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराए गए सहायता बूथों में एयर कंडीशनर (एसी), वाटर डिस्पेंसर, वाटर कूलर, टेबल, कुर्सियां, पंखे और डस्टबिन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं से पुलिसकर्मियों को गर्मी के दौरान राहत मिलेगी तथा ड्यूटी के बीच आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने किया उद्घाटन
सहायता बूथों का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा किया गया। इस पहल को सीओ ट्रैफिक बिपेन्द्र और यातायात निरीक्षक संदीप नेगी के कुशल पर्यवेक्षण में आगे बढ़ाया गया। पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हरिद्वार में बढ़ते यातायात दबाव और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के बीच इस तरह की सुविधाएं पुलिसकर्मियों के कार्य को सुगम बनाने में सहायक होंगी। जनसहयोग से सुरक्षित यातायात और व्यवस्थित हरिद्वार की दिशा में यह पहल एक सकारात्मक कदम है।




