Uncategorized

रानीपुर में नशे के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन, दो तस्कर गिरफ्तार

रानीपुर में नशे के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन, दो तस्कर गिरफ्तार
एएनटीएफ की सुरागरसी से खुली नशे की सप्लाई की कड़ी, 2.20 किलो गांजा, 15 नशीले इंजेक्शन और 3170 रुपये बरामद
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा, 15 नशीले इंजेक्शन, 3170 रुपये की नकदी और तस्करी में प्रयुक्त एक्सट्रीम हीरो बाइक बरामद हुई।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम ने सुमननगर में चेकिंग के दौरान मोहम्मद फैजान को दबोचा। उसके कब्जे से 2.20 किलो गांजा और गांजा बिक्री से मिले 2000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सलेमपुर गंदे नाले के पास नाई की दुकान चलाता है और साथी से गांजा लेकर ग्राहकों को बेचता था।
वहीं, संयुक्त टीम ने रात में फाउंड्री गेट से धीरवाली जाने वाली सड़क के पास बाइक सवार मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15 बुप्रेनॉर्फिन नशीले इंजेक्शन और 1170 रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में 25 इंजेक्शन खरीदकर उनमें से 10 इंजेक्शन बेचने की बात स्वीकार की।
रियाज अली की सुरागरसी, शांति कुमार गंगवार की अगुवाई में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार गंगवार की अगुवाई और हेड कांस्टेबल रियाज अली की महत्वपूर्ण सुरागरसी एवं सक्रियता ने अहम भूमिका निभाई। नशे की सप्लाई से जुड़े इनपुट जुटाने से लेकर संयुक्त टीम की कार्रवाई तक एएनटीएफ टीम की तत्परता से दोनों आरोपियों को दबोचने में सफलता मिली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े सप्लायर और नशे के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: मोहम्मद फैजान (19) निवासी बिजनौर, हाल सलेमपुर दादुपुर, रानीपुर तथा मोहम्मद आदिल (26) निवासी शामली, हाल ज्वालापुर, हरिद्वार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *