केशव नगर में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा मोर्चरी।
लक्सर- वार्ड नंबर 10 केशव नगर मे नाले के पास रविवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अमित पुत्र राजेश कुमार के रूप में बताई गई है। सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे,और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जानकारी जुटाई, इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है, आसपास लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।




