Uncategorized

लक्सर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से बाइक चोरों का नेटवर्क बेनकाब, दो दबोचे

लक्सर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से बाइक चोरों का नेटवर्क बेनकाब, दो दबोचे

सीसीटीवी, मैनुअल सुरागरसी और वाहन चेकिंग से घंटों में खुलासा, पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

लक्सर बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर लक्सर पुलिस ने जिस तेजी और पेशेवर अंदाज में कार्रवाई की, उससे चोरों के मंसूबे चंद घंटों में ही ध्वस्त हो गए। 11 सितंबर को सीमली और तुगलपुर क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया। टीमों ने बिना समय गंवाए स्थानीय स्तर पर मैनुअल सुरागरसी, संदिग्धों की जानकारी जुटाने और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ जगह-जगह वाहन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस की इसी मुस्तैदी का नतीजा रहा कि कुछ ही घंटों में लक्सर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने जिशान पुत्र जुल्फकार निवासी धनपुरा, पथरी और अहसान पुत्र फुरकान निवासी लक्सरी, लक्सर को चोरी की मोटरसाइकिल समेत दबोच लिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी दी, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों में दोनों मुकदमों से संबंधित स्पलेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स के अलावा अन्य मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी चोरी और नकबजनी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। अहसान के खिलाफ लक्सर कोतवाली में चोरी, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल दो बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा किया, बल्कि चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कर आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क पर भी प्रभावी चोट की है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, उपनिरीक्षक आशीष भट्ट, हेड कांस्टेबल शमशेर खान, कांस्टेबल मनोज शर्मा और सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *