Uncategorized

लक्सर में लाखों के जेवर उड़ाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण व बाइक बरामद

उप निरीक्षक शहजाद अली और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश की सुरागरसी से खुला चोरीकांड

लक्सर मुंडाखेड़ा कलां गांव में घर में घुसकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का लक्सर पुलिस ने शानदार खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। चोरी की गुत्थी सुलझाने में उप निरीक्षक शहजाद अली और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश की सुरागरसी, सूझबूझ और लगातार की गई मेहनत ने अहम भूमिका निभाई।
30-31 अगस्त की रात मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। सूचना पर लक्सर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश और कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों, संदिग्ध गतिविधियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी को बारीकी से खंगालना शुरू किया। उप निरीक्षक शहजाद अली ने जहां संदिग्धों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की कड़ियां जोड़ने में अहम भूमिका निभाई, वहीं हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश ने जमीनी स्तर पर सुरागरसी करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और पुलिस टीम तक महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाईं।
पुलिस टीम ने दिन-रात लगातार मेहनत करते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और चोरी के माल को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए। उप निरीक्षक शहजाद अली और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश द्वारा जुटाई गई अहम जानकारियों को पुलिस टीम ने आपस में जोड़ते हुए आखिरकार दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

परिचित युवकों ने ही रची थी चोरी की साजिश

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उनका शिकायतकर्ता के घर पहले से आना-जाना था। उन्हें घर में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी थी। इसके बाद आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और रात में वारदात को अंजाम दिया।

वारदात के बाद नकदी खर्च कर दी गई, जबकि आभूषणों को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की योजना थी। इससे पहले कि आरोपी चोरी के आभूषणों को ठिकाने लगा पाते, पुलिस की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

लाखों के जेवर और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चैन मय लॉकेट, झुमके, अंगूठियां, टॉप्स, कड़े, बिछुए, चांदी के सिक्के समेत कई सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। शिकायतकर्ता ने बरामद आभूषणों की मौके पर पहचान कर उन्हें अपना बताया।

मामले में धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

आशीष सैनी उर्फ गादड़ पुत्र सुखबीर सैनी, निवासी मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर, उम्र 26 वर्ष।

ललित कुमार उर्फ पाशा पुत्र मुनेश, निवासी मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर, उम्र 24 वर्ष।

पुलिस टीम

एसएचओ प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उप निरीक्षक शहजाद अली, उप निरीक्षक समीप पांडेय, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल संदीप रावत शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि जमीनी स्तर पर की गई सटीक सुरागरसी और टीमवर्क के दम पर पुलिस बड़ी से बड़ी वारदात का खुलासा कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *