लक्सर की जनता क्षेत्रवाद और धमकी की राजनीति का देगी जवाब : रविंद्र आनंद
लक्सर, 23 अगस्त। पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने पूर्व विधायक संजय गुप्ता के कथित बयान को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाताओं को धमकाना और श्राप देने जैसी भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी पसंद के प्रत्याशी को वोट देने का पूरा अधिकार है और किसी भी मतदाता को डराने-धमकाने की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।
भाजपा नेता अजय वर्मा के कथित क्षेत्रवादी बयान पर आनंद ने कहा कि पहाड़ और मैदान के नाम पर उत्तराखंड की जनता को बांटना गलत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एक है और राजनीति में व्यक्ति की पहचान उसके काम, संघर्ष और जनता के प्रति समर्पण से होनी चाहिए, जन्मस्थान से नहीं।
आनंद ने कहा कि यदि पहाड़ से आने वाला व्यक्ति मैदान से चुनाव नहीं लड़ सकता, तो भाजपा के नेताओं ने हरिद्वार से चुनाव क्यों लड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को क्षेत्रवाद का चश्मा उतारकर पूरे उत्तराखंड को एक नजर से देखना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लक्सर से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा को लक्सर में अपनी लोकप्रियता पर इतना भरोसा है तो मुख्यमंत्री यहां से चुनाव मैदान में उतरकर जनता के बीच अपनी ताकत आजमा सकते हैं।
आनंद ने कहा कि लक्सर की जनता किसी की बंधुआ नहीं है। किसान, मजदूर, युवा और आम नागरिक अपने विवेक से मतदान करते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने क्षेत्र की बाढ़, किसानों, बिजली, विकास और अन्य जनसमस्याओं को लगातार उठाया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता धमकी, श्राप और क्षेत्रवाद की राजनीति करने वालों को जवाब देगी। वोट जनता का है, फैसला जनता का है और लक्सर का भविष्य भी जनता ही तय करेगी।




