झबरेड़ा। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती के दिशा निर्देशानुसार झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के माधवपुर गांव में बसपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर चुनावी रणनीति तैयार की गई। बैठक में पहुंचे प्रदेश प्रभारी गयाचरण दिनकर ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए कहा कि पार्टी अभी से ही पूरी मजबूती के साथ ‘मिशन 2027’ के चुनाव प्रचार में जुट गई है और हर कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर जाकर बसपा की नीतियों और बहन जी के संदेश को पहुंचाए। वहीं झबरेड़ा विधानसभा से भावी प्रत्याशी आदेश कुमार ने कहा कि झबरेड़ा की जनता परिवर्तन चाहती है और इस बार जनता के अपार समर्थन से बसपा झबरेड़ा सीट पर भारी मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी, जिलाध्यक्ष मदनपाल, विधानसभा अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




