Uncategorized

लक्सर की जनसमस्याओं को लेकर सांसद त्रिवेंद्र रावत से मिला राष्ट्रीय व्यापार मंडल, रेल अंडरपास और ट्रेन ठहराव की उठाई मांग

लक्सर की जनसमस्याओं को लेकर सांसद त्रिवेंद्र रावत से मिला राष्ट्रीय व्यापार मंडल, रेल अंडरपास और ट्रेन ठहराव की उठाई मांग

देहरादून/हरिद्वार। राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी के नेतृत्व में हरिद्वार व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से उनके देहरादून स्थित आवास पर मुलाकात कर लक्सर की प्रमुख जनसमस्याओं से अवगत कराया।प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापार मंडल पिछले कई वर्षों से लक्सर में रेल अंडरपास निर्माण की मांग करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासनकाल में रेल ओवरब्रिज बनने के साथ ही अंडरपास का कार्य भी शुरू हुआ था, लेकिन कुछ स्थानीय नेताओं के हस्तक्षेप के कारण यह कार्य बीच में ही रुक गया। उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए इस अंडरपास का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।संजीव चौधरी ने बताया कि अंडरपास नहीं होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को रेलवे लाइन पार कर आवागमन करना पड़ता है। सबसे अधिक खतरा स्कूली बच्चों को रहता है, जो साइकिल से रेलवे लाइन पार करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई हादसे हो चुके हैं और कई लोग ट्रेनों की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं।वहीं, लक्सर व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने सांसद को लक्सर में ट्रेनों के ठहराव की समस्या से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अधिकांश ट्रेनें बाईपास से गुजर जाती हैं, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बाईपास पर एक हॉल्ट स्टेशन बनाकर सभी ट्रेनों का कम से कम एक मिनट का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।मनोज वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विधानसभा चुनाव से पहले इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इन मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है।हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने व्यापार मंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संसद में इन मुद्दों को उठाने तथा समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।इस दौरान ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष हरविंदर सिंह, कनखल अध्यक्ष पंकज स्वन्नी, प्रदेश सचिव सुनीता सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *