साइबर ठगी की रकम खपाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ₹1.48 लाख नकद बरामद

लक्सर पुलिस, CIU रुड़की और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी की रकम को विभिन्न खातों के माध्यम से खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख 48 हजार नकद और घटना में प्रयुक्त POCO कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित चौहान पुत्र मुल्तान सिंह (29 वर्ष) एवं विशाल चौहान पुत्र पवन सिंह (28 वर्ष) निवासी ग्राम शाहपुर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। बरामद नकदी में अंकित से ₹80 हजार तथा विशाल से ₹68 हजार बरामद हुए हैं।
मामले का खुलासा दाबकी कला निवासी मनीष कुमार और सुशील कुमार की शिकायत पर दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान हुआ। आरोपियों ने वाहन चालान और गंभीर बीमारी का बहाना बनाकर लोगों से नकद रकम ली थी। बाद में संबंधित खातों के फ्रीज होने पर धोखाधड़ी का पता चला।
जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को CSC सेंटरों और अन्य खातों में ट्रांसफर कराकर नकद निकासी व जमा के माध्यम से उसकी ट्रेल छिपाने का काम करते थे। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल चैट के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक राजीव उनियाल, कांस्टेबल रियाज अली, पंचम प्रकाश, विनोद कुमार कुंडलिया सहित CIU प्रभारी रविन्द्र शाह, एएसआई अश्विनी और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।




